बेलरायां/निघासन (खीरी)। दुधवा के जंगल से आए हाथियों को पटाखे दगाकर खेत से खदेड़ने के दौरान वे बौखला गए। फसल की रखवाली कर रहे दो सगे भाइयों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हाथियों ने ग्राम भैरमपुर में 10 बीघा गन्ना और धान की फसल भी रौंद दी।
ग्राम भैरमपुर निवासी रामअवतार चौहान ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे उनके पुत्र रामकुमार (40) और लाड़ी चौहान (30) गांव के राजू, रंजीत, मुकेश और श्यामू के साथ जंगल के निकट खेतों में धान, गन्ना और अन्य फसलों की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान दुधवा नेशनल पार्क के जंगल से आए हाथियों ने फसल रौंदना शुरू कर दिया।
किसानों ने शोर मचाकर और पटाखे दगाकर हाथियों को खदेड़ना शुरू किया। इसी बीच फसल की आड़ में खड़े हाथियों ने रामकुमार चौहान और लाड़ी चौहान को पटखनी देकर घायल कर दिया।
परिजनों ने दोनों को सीएचसी निघासन में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के विरोध में बुधवार को किसानों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अधिकारियों को ग्रामीणों के घायल होने की सूचना दी गई है। जंगल सीमा में वनकर्मियों की पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है।
हाथियों के झुंड ने वन विभाग की मड़ैया उजाड़ी, बैरियर तोड़ा
बांकेगंज। मड़हा वन ब्लॉक में डेरा डाले सात हाथियों ने मंगलवार शाम रास्ता बदल लिया। वे किशनपुर अभयारण्य के मैलानी रेंज जंगल से गुजरकर खीरी ब्रांच बड़ी नहर पुल के पास पहुंचे। यहां वन विभाग की मड़ैया उजाड़ने के बाद रास्ते में लगा बैरियर तोड़ दिया।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज की जटपुरा बीट सीमा पर ग्रामीणों और वनकर्मियों की नाकेबंदी के चलते हाथी रास्ता बदलकर बड़ी नहर की पटरी पर पहुंचे। नहर में भरे पानी से वे नारंग बीट की ओर चले गए। हाथियों की मौजूदगी पर सतर्क किसानों और वनकर्मियों की टीमों ने पटाखे दगाकर और शोर मचाकर उन्हें खदेड़ दिया।
इसके बाद हाथी रातभर आबादी के आसपास मंडराते रहे, लेकिन फसलों को नुकसान नहीं पहुंचा पाए। सुबह बड़ी नहर खर्चा पुल के रास्ते जंगल की ओर लौट गए। रेंजर मैलानी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आबादी की ओर पहुंचने पर ग्रामीणों और वनकर्मियों की टीमों ने हाथियों को खदेड़ दिया। निगरानी टीमों के मुताबिक बुधवार को हाथियों की लोकेशन मड़हा वन ब्लॉक में मिली है। संवाद
-
घर के पास दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने किया पकड़ा
निघासन। दक्षिण वन रेंज लुधौरी क्षेत्र के गांव दुबहा में मंगलवार रात मुन्ना के घर के पास मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सूचना पर वन विभाग के अक्षय मौर्य, मनोज चौरसिया और राजन समेत टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि रेस्क्यू किया गया मगरमच्छ काफी बड़ा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और मगरमच्छ दिखने पर वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। संवाद
रेस्कयू के बाद मगरमच्छ के साथ वनकर्मी। स्रोत: वन विभाग
रेस्कयू के बाद मगरमच्छ के साथ वनकर्मी। स्रोत: वन विभाग