निघासन। नगर पंचायत निघासन के अधिशासी अधिकारी के आवास पर मकान टैक्स के संबंध में पहुंचे लोगों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने गाली-गलौज, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
वार्ड अशोकनगर निवासी विपिन मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे वह मकान टैक्स संबंधी कार्य से अधिशासी अधिकारी के आवास पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद उमेश मौर्य से बैठने को लेकर कहासुनी हो गई।
विपिन मौर्य का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और अन्य सभासदों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। उनका कहना है कि लौटते समय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
दूसरी ओर सभासद उमेश मौर्य ने भी मामले में तहरीर दी है। कोतवाल अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।