लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के रवहीं स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन को चाकू मार दिया गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रवहीं निवासी बालकराम के अनुसार, उनका पुत्र राहुल पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। पेट्रोल भरवाने के दौरान राहुल की दीपक और युवराज से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद दीपक ने फोन कर अपने भाई शिवम समेत आशुतोष और शिवशंकर निवासी बिलहरी कीरतपुर को बुला लिया। सभी ने राहुल और उसके साथी शिवांशु के साथ मारपीट की।
इसी दौरान आशुतोष ने चाकू से राहुल के पेट पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद