लखीमपुर खीरी के धौरहरा बीआरसी केंद्र परिसर में बृहस्पतिवार को 'एडिप' (एडीआईपी) योजना के तहत दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल सहित अन्य उपकरण मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने वितरित किए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने लोगों को संबोधित भी किया।
विज्ञापन
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने धौरहरा, रमियाबेहड़, ईसानगर विकास खंड के कुल 973 लाभार्थियों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर व श्रवण यंत्र समेत अन्य उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांगजन होते हैं उनमें दिव्य शक्तियां भी होती हैं। वह अपने आपको किसी प्रकार से कमजोर न समझें। इस मौके पर विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी, सीडीओ अभिषेक कुमार, एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार आदित्य विशाल आदि मौजूद रहे।
सीट और बैनर से सपा सांसद का नाम गायब
दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण कार्यक्रम में जब धौरहरा के सपा सांसद आनंद भदौरिया पहुंचे। वहां उनकी सीट और बैनर से उनका नाम गायब था। इस पर उन्होंने टीस व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे प्रयास से दिव्यांग जनों को उपकरण मिल रहे हैं। भले ही लोग हमारे मंच पर भी नाम न छपवाएं, लेकिन जनता के दिलों में आनंद भदौरिया का नाम छपा है। उनके साथ सपा नेता मुन्ना यादव, उत्तम वर्मा, मनीष शुक्ला, ओमप्रकाश यादव, आनंद पटेल, यज्ञप्रताप मिश्रा आदि मौजूद रहे।