मितौली। क्षेत्र के निर्माणाधीन अमृत सरोवर योजना के तहत बन रहे सरोवर का निरीक्षण करने पहुंचीं ट्रेनी आईएएस मनीषा धार्वे ने कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सरोवर परिसर में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई और अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली अमृत सरोवर योजना के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित विभागीय कर्मचारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री ब्रजेश सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने सरोवर के आसपास साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि होली पर्व के बाद अमृत सरोवर को जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। झूले लगाए जा चुके हैं, नाव आ चुकी हैं और पाैधरोपण का कार्य जारी है। जल्द ही सभी कार्य पूर्ण करा लिए जाएंगे।