लखीमपुर खीरी। प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अटल उपग्रह प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है। विद्यार्थी टीम बनाकर इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। विजेताओं को 25 हजार से एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। डीआईओएस ने अधिकतम आवेदन करने की अपील की है।
विज्ञान मंडलीय प्रगति अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अटल उपग्रह प्रतियोगिता (अटल सैटेलाइट कंप्टीशन-2025) आयोजित कराई जाएगी। प्रथम स्कूल स्तरीय डिजाइन एवं विकास प्रतियोगिता भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को समर्पित है।
इसमें कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को टीम बनाकर प्रतिभाग करना होगा। टीम में अधिकतम पांच सदस्य हो सकते हैं। मार्गदर्शन के लिए उसी संकाय के टीचर भी शामिल किए जाएंगे। पहला स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। दूसरा स्थान प्राप्त करने पर टीम को 50 हजार और तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अधिकतम विद्यार्थियों की भागीदारी के लिए डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। प्रतिभाग के लिए 30 नवंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। पंजीकरण व अन्य जानकारी https://asc.ind.in के जरिये प्राप्त की जा सकती है।