फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएफओ और सीएमओ आवास से काटे चंदन के तीन पेड़

Wed, 23 Nov 2016 10:31 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
tree - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
घर पर लगे पेड़ भी न बचा पाए डीएफओ साउथ, अधिकारियों की ओर से दी गई तहरीर
विज्ञापन

 मुख्यमंत्री वृहद पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित कर वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन वन बाहुल्य इस जिले के डीएफओ साउथ अपने आवास में लगे चंदन के पेड़ तक नहीं बचा सके। मंगलवार रात को दो चौकीदारों की तैनाती को धता बताते हुए तस्कर आवास में लगे दो चंदन के पेड़ काट कर ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह चौकीदारों को इसकी जानकारी हुई। तस्करों ने इसके बाद सीएमओ आवास में भी एक चंदन पेड़ काट डाला, लेकिन लकड़ी नहीं ले जा सके। शारदानगर रेंज के वन रक्षक जोगेंद्र पाल सिंह और सीएमओ डॉ जावेद अहमद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शारदानगर रेंज के वन दरोगा नागेंद्र पांडेय के मुताबिक मंगलवार की रात तस्करों ने दो पेड़ काट डाले और लकड़ी को पीछे की बाउंड्री से ले गए। घटना के दौरान आवास पर दो चौकीदार परशुराम और हरद्वारी तैनात थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक नहीं लगी। बताते हैं कि आवास में सोलर और सोडियम लाइट लगी हैं, लेकिन सभी के बल्ब खराब थे। जबकि चौकीदार मेन गेट के पास गोल छप्पर के नीचे बैठे थे। सुबह करीब पांच बजे चौकीदारों को पेड़ काटे जाने की जानकारी हुई तो अधिकारियों को सूचना दी। सूत्र बताते हैं कि पहले पेड़ काटे जाने की घटना को छिपाने का प्रयास किया गया, जिसके लिए कटी मुड्ढी को ढका गया। अवशेष को मौके से हटाकर छिपा दिया गया लेकिन मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो डीएफओ ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वन रक्षक जोगेंद्र पाल सिंह की ओर से कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। चोरी हुए पेड़ों की कीमत के बारे में विभागीय अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। जबकि सूत्रों की माने तो करीब 10 वर्ष से अधिक पुराने पेड़ थे, जिनकी कीमत लाखों में होगी।
विज्ञापन

उधर, डीएफओ आवास से दो फर्लांग दूर स्थित सीएमओ आवास में भी चंदन तस्करों ने धावा बोला और एक चंदन का पेड़ काट डाला। पेड़ गिरने की आहट पाकर चौकीदार जाग गया, जिससे तस्कर मौके पर लकड़ी छोड़कर भाग निकले। सीएमओ डॉ जावेद अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि बुधवार की सुबह करीब 7.45 बजे चौकीदार ने उन्हें पेड़ काटे जाने की सूचना दी। शहर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के मुताबिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
--
आरे से काटे गए पेड़
डीसी रोड स्थित डीएफओ साउथ के आवास से चंदन के पेड़ काटने के लिए तस्करों ने आरे का प्रयोग किया, जिसकी तस्दीक कटे हुए पेड़ों के मुड्ढ कर रहे हैं। इसी तरह सीएमओ आवास में भी आरे का प्रयोग किया गया है। दोनों जगह एक ही गैंग द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
--
फूलप्रूफ प्लानिंग से दिया घटना को अंजाम
डीएम आवास से कुछ दूर स्थित डीएफओ साउथ के आवास पर चौकीदार की मौजूदगी के बावजूद चंदन के पेड़ काटकर ले जाने में तस्कर कामयाब रहे, जिससे माना जा रहा है कि तस्करों ने कई दिन पहले से फूलप्रूफ प्लानिंग की होगी। वजह भी है कि आवास में लगी सोलर और सोडियम लाइट के बल्ब काफी समय से खराब बताए जा रहे हैं, जिन्हें अब तक बदला नहीं गया है। यही हालात सीएमओ आवास का भी हैै, जहां तैनात चौकीदार ने बताया कि परिसर में लगी लाइटें खराब थी, जिससे चोरों की गतिविधियां नजर नहीं आईं। हालांकि इस दौरान कुत्ते भौंक रहे थे, जिससे वह जाग गया और तस्करों को बगैर लकड़ी लिए भागना पड़ा।
--
जिला जज के आवास से भी चंदन के पेड़ हुए थे चोरी
बताते चलें कि करीब पांच माह पूर्व एसपी आवास के सामने स्थित जिला जज के आवास से तस्करों ने चंदन के कई पेड़ काटे थे। जबकि घटना के दौरान सुरक्षा में सिपाही और चौकीदार भी तैनात थे। इस मामले का मुकदमा दर्ज होने के बाद अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
विज्ञापन

 
चंदन के पेड़ काटे जाने की जानकारी बुधवार सुबह चौकीदार से हुई, जिसके बाद तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। विभागीय सूत्रों से चंदन तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
-अखिलेश पांडेय, डीएफओ साउथ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें