नवरात्र में माता के जयघोष से गूंजे देवी मंदिर, दिन भर हुए हवन
नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को देवी भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मां कालरात्रि की अराधना की। श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों में कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में भारी भीड़ रही। मंगलवार को तमाम श्रद्धालुओं ने अपने घरों में हवन करने के बाद धर्मध्वज स्थापित किए। बहुत से लोगों ने मंदिरों में सामूहिक रूप से हवन किया। संकटा देवी मंदिर में देवी जागरण भी हुआ।
शहर के प्राचीन संकटादेवी मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर घंटा घड़ियाल और मां के जयकारों से गूंजते रहे। मंदिर में पूरे दिन मेला लगा रहा। रात में हुए देवी जागरण में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धाुलओं ने मां का गुणगान किया। रात भर लोग देवी गीतों पर झूमते और नाचते रहे। शीतला देवी मंदिर और संकटादेवी मंदिरों में भी सुबह से लेकर देर रात तक धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा।
बेलरायां। वासंतिक नवरात्र के सातवें दिन देवी भक्तों ने मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में पूरे दिन भक्तों की भीड़ बनी रही। नवरात्र पर भक्तों ने वनविभाग के संतोषी माता मंदिर, चीनी मिल के दुर्गा मंदिर, श्रीभृत्यहरिनाथ शिव मंदिर, क्लेशहरण मंदिर सहित सभी मंदिरों में स्थापित देवी मूर्तियों की पूर्जा अर्चना कर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की।
बांकेगंज। देवी मंदिरों में सारे दिन पूजा अर्चना का सिलसिला चलता रहा। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही देवी मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लग गई। मां को प्रसन्न करने के लिए व्रती महिलाओं और पुरुषों ने देवी मंदिरों में अखंड ज्योति जलाकर काले तिलों से मां कालिरात्रि की आराधना की। इस मौके पर भजन-कीर्तन और भक्ति गीतों का दौर चलता रहा।
कलाकारों ने पेश की मनमोहक झांकी
धौरहरा के कफारा के प्रसिद्ध मां अन्नपूर्णा मंदिर में चल रहे नौ चंडी महायज्ञ में यज्ञाचार्यो नें यज्ञ में आहुतियां डलवाकर मां कालरात्रि का पूजन अर्चन किया। अयोध्या से आए रासमंडली के कलाकारों ने मनमोहन झांकियां पेश कीं। इस मौके पर बेचेलाल वर्मा, संत गोपाल दास, शिवकुमार शुक्ल, विनोद तिवारी, राममिलन मिश्र, पवन दीक्षित, रामनारायण इंद्रदत्त, लल्लन पांडे आदि मौजूद रहे।