गोला गोकर्णनाथ। पुरानी मिल कॉलोनी स्थित मां वैष्णो के दरबार में श्रद्धालु ऊंची नीची कृत्रिम पहाड़ियों से होते हुए देवी मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
शुक्रवार शाम से देर रात तक दरबार में जहां एक ओर मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही, वहीं सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय बच्चों ने देवी मां के कई रूपों पर आधारित झांकियां और भक्ति गीतों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने मां वैष्णो के दर्शन कर सांस्कृतिक कार्यक्रम देखें और बाल कलाकारों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर अवधेश श्रीवास्तव, राजेश शुक्ल, डॉ. कौशल वर्मा, रुद्र वाजपेयी, महेंद्र वर्मा, अरुण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
-
देवी भागवत में सुनाई चंड-मुंड वध की कथा
बिजुआ। बोझवा में चल रही देवी भागवत पुराण कथा में छठे दिन कथा वाचक रंगोली पटेल ने चंड-मुंड राक्षस वध की कथा सुनाई।
उन्होंने कहा कि चंड और मुंड भयानक राक्षस हुए। राक्षस राजा शुंभ और निशुंभ के प्रमुख सैन्य कमांडर थे। जब शुंभ-निशुंभ के सैनिक देवी कौशिकी पर अत्याचार कर रहे थे, तब माता की आंखों से क्रोध की ज्वाला निकली और उससे महाकाली प्रकट हुईं। महाकाली ने रण में हाहाकार मचा दिया। मां काली ने एक हाथ से चंड का प्रहार रोका और दूसरे हाथ से तलवार से उसका सिर काट दिया। भाई को मरता देख मुंड ने देवी पर बाण चलाए लेकिन देवी ने अपना भाला फेंककर उसका भी वध कर दिया। चंड और मुंड के सिर लेकर देवी अंबिका के पास पहुंचीं और कहा कि उन्होंने चंड-मुंड का संहार किया है। इसलिए संसार में उन्हें चामुंडा के नाम से जाना जाएगा।
देवी जागरण में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
निघासन। रकेहटी कस्बे के सुदर्शन हर्ष पैलेस में शुक्रवार की रात भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालु देर रात तक भजनों और झांकियों का आनंद लेते रहे।
सिंगहा की प्रसिद्ध जागरण पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। साथ ही सुंदर-सुंदर झांकियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। बाबा भोलेनाथ के तांडव नृत्य और भजनों की गूंज से पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। जागरण के समापन पर तारा रानी की कथा सुनाई गई। इसके बाद भक्तों ने आरती कर माता का आशीर्वाद लिया और प्रसाद वितरण किया।
इस मौके पर पैलेस के मालिक योगेंद्र चतुर्वेदी, लवकुमार, परमेश्वर कश्यप, नागेंद्र और इशू जायसवाल समेत आयोजक और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद
-
शनिवार को मां स्कंदमाता की हुई पूजा-अर्चना
लखीमपुर खीरी। शारदीय नवरात्र के छठे दिन शनिवार को देवी भगवती के छठे स्वरूप स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही जिले में देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाओं ने उपवास रखकर माता की आराधना की और सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के संकटा देवी, बंकटा देवी, शीतला देवी और भुइयां माता मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भजन-कीर्तन और आरती के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजन सामग्री की दुकानों पर चहल-पहल रही और माता के जयकारों से पूरा माहौल गूंजता रहा। संवाद