लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के मिश्राना चौकी से दस कदमों की दूरी पर हुए देव हत्याकांड मामले में एक नया मोड़ आया है। सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो में मृतक देव सेठ और आरोपी अनमोल पुरी बाला के बीच जमकर गाली-गलौज होती सुनाई दे रही है। वहीं मृतक ने धमकाते हुए कहा कि ...मैं मार के मरुंगा मेरे स्वाभिमान पर चोट आई है। जहां मिलना हो आकर मिल लो। फिलहाल वायरल ऑडियो की पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि 10 मार्च को शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके मोहल्ला मिश्राना स्थित चौकी से दस कदम की दूरी पर अर्जुनपुरवा निवासी भरत सेठ के 20 वर्षीय पुत्र अमोघ उर्फ देव सेठ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चौकी से सटे इलाके में देर शाम गोली कांड होने से पुलिस के हाथ पांव फूल गए थे। आनन-फानन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया।
हत्याकांड में अनमोल पुरी उर्फ बाला सहित चार-पांच अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच के दौरान दोनों गुटों की आपसी रंजिश के बाद घटना को अंजाम देने की बात सामने आई थी। पुलिस ने आरोपी अनमोल पुरी समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया था। वहीं जांच जारी है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें मृतक देव सेठ और अनमोल पुरी के बीच तीखी नोंकझोक के साथ जमकर गाली-गलौज होती सुनी गई। वायरल ऑडियो में यह स्पष्ट है कि हर दिन दोनों गुटों से किसी न किसी युवक की पिटाई हो रही थी। ऑडियो में मृतक देव सेठ यह भी कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि ...जो पहले मार पाए मार लेना। पहले तुमने मारा.. फिर हमने मारा। तुमको बचना है तो शहर छोड़ दो। मैं मार के मरुंगा, मेरे स्वाभिमान पर चोट आई है।
एक सप्ताह बाद भी दोषी पुलिस कर्मियों पर नहीं हो सकी कार्रवाई
घटनाओं के बाद कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले एसपी संकल्प शर्मा ने शहर के भीतर हुए हत्याकांड के बाद किसी भी पुलिस कर्मी पर कार्रवाई नहीं की। चौकी से चंद कदमों की दूरी पर ताबड़तोड़ फायर करते हुए आरोपी आराम से भाग गए थे। उन्हें न तो किसी पुलिस का डर था न ही आस पास मौजूद लोगों का। पुलिस पर कार्रवाई न होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।