उत्तर प्रदेश चीनी मिल मजदूर संघ की इकाई भारतीय मजदूर संघ के 22वें त्रिवार्षिक अधिवेशन के पहले दिन चीनी उद्योग के कर्मियों के वेतन भुगतान की समस्या पर चर्चा हुई। तय हुआ कि इस संबंध में प्रस्ताव पारित करके सरकार को भेजा जाएगा। अधिवेशन के दूूसरे दिन रविवार को विभिन्न पदों पर होने वाले चुनाव को लेकर भी गहन विचार विमर्श हुआ।
बीएचएल चीनी मिल के परिसर में आयोजित इस अधिवेशन का शुभारंभ संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं शुगर उद्योग के प्रभारी करतार सिंह राठौर ने दीप जलाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एकता में ही शक्ति होती है और कर्मियों को एकता बनाए रखनी चाहिए । कहा कि जो अकेले नहीं कर सकते वह संगठन के बल पर आसानी से किया जा सकता है।
संगठन को मजबूत होना चाहिए और यह मजबूती उसके हर एक कार्यकर्ता की मेहनत से ही आ सकती है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री पवन कुमार ने प्रदेश की विभिन्न चीनी मिलों से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि वेतन विसंगतियों को लेकर कार्रवाई चल रही है। कर्मियों का वेज रिवीजन होना है जो अब तक नहीं हो सका है। सर्वसम्मति से इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया ।
अधिवेशन में इसे जल्द प्रदेश सरकार के पास भेजने का फैसला किया गया। अखिल भारतीय शुगर मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष बृजपाल सिंह, उत्तर प्रदेश के मध्य कमान के संगठन मंत्री जगदीश वाजपेयी, संघ के वयोवृद्ध नेता घनश्यामदास गुप्ता, संघ के प्रदेश महामंत्री श्रीकांत अवस्थी, कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश चंद्र वाजपेयी आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता जगदीश मिश्रा और संचालन रामनिवास यादव ने किया। स्थानीय इकाई अध्यक्ष नंद किशोर तिवारी और महामंत्री राजेश तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया।