लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में लंबे समय से पैथोलॉजिस्ट के खाली पड़े पद पर तैनाती कर दी गई है। पैथोलॉजिस्ट न होने के कारण मरीजों को जांच संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस मामले में अमर उजाला में बीते 23 अक्तूबर को जिला महिला अस्पताल में पैथोलाॅजिस्ट नहीं, एलटी ही जांच करके दे रहे रिपोर्ट, शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
मेडिकल कॉलेज ने मामले का संज्ञान लेते हुए अब जिला महिला अस्पताल में पैथोलाॅजिस्ट के रूप में जेआर डॉ. अनुज तिवारी को तैनात कर दिया है। जिला महिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 300-400 मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां आने वाली प्रसूताओं की जांचों के लिए सैंपल तो लिए जाते थे, लेकिन रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा यहां के लैब टेक्नीशियन पर ही था। कई बार मरीजों को गलत रिपोर्ट मिलने का खतरा बढ़ जाता था। इसको देखते हुए फिलहाल जेआर चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है।
-
जिला महिला अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट न होने का संज्ञान लेते हुए मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता ने एक जेआर चिकित्सक की तैनाती कर दी है।
डॉ. अमित कुमार गुप्ता, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल