सिकंदराबाद। ग्राम मिर्जापुर में प्रेमिका के घर पीट-पीटकर नागेश की हत्या करने के मामले में 24 घंटे के बाद आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो परिजनों का आक्रोश भड़क गया। बुधवार को उन्होंने नागेश का शव मैगलगंज रोड पर रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम होने से यातायात भी प्रभावित हो गया। कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने परिजनों को शांत कराया।
मंगलवार की तड़के करीब चार बजे ग्राम मिर्जापुर निवासी विनोद का पुत्र नागेश अपनी प्रेमिका से मिलने उसी के घर पहुंच गया था। इसी दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आक्रोशित परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की। युवती की भी पिटाई लगाई। युवक पर धारदार हथियार से भी हमला किया।
लहूलुहान हालत होने के बावजूद किसी तरह नागेश ने खुद को बचाया और डायल 112 को कॉल करके बचाने की सूचना दी। करीब 20 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस ने नागेश को बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले गए थे, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार की देर शाम परिजनों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। देर रात लड़की के पिता, सगे भाई और एक रिश्तेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई। बुधवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कहते हुए परिजनों ने लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग के ग्राम लखनापुर के पास शव रखकर जाम लगा दिया।
हाईवे जाम होने की जानकारी मिलने पर मौके पर सीओ मितौली शमशेर बहादुर, एसओ श्रद्धा सिंह मय पुलिस के मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित परिजनों को समझाया। जिसके बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार होने तक गांव छावनी में तब्दील रहा।