पलियाकलां। खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा से व्यापारियों ने मुलाकात कर उनके समक्ष रेलवे से संबंधित समस्याओं को रखा। साथ ही पलिया शहर में दो विद्युत मोबाइल ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर की व्यवस्था कराने की मांग की। इस पर सांसद ने जल्द ही त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
नगर व्यापार मंडल पलिया के अध्यक्ष गौरव गुप्ता के प्रतिष्ठान पर खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा पहुंचे थे। यहां व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पहुंचकर सांसद से मुलाकात करते हुए क्षेत्र की समस्याओं के बारे में ज्ञापन सौंपा। एक ज्ञापन में बताया कि विद्युत व्यवस्था से क्षेत्र की जनता काफी परेशान है और भीषण गर्मी में परेशानियां आ रही हैं।
जब तक विद्युत व्यवस्था ठीक नहीं होती, तब तक 250 केवीए के दो विद्युत मोबाइल ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर की व्यवस्था करा दी जाए। इसके अलावा एक अन्य ज्ञापन रेलमंत्री को संबोधित दिया गया, जिसमें मैलानी, पलिया कलां, तिकुनिया, नानपारा पर ब्राॅड गेज रेल लाइन बनाए जाने सहित अन्य रेल संबंधी समस्याओं को उठाया।
सात सूत्रीय मांगपत्र देते हुए इसको रेलमंत्री तक पहुंचाने की मांग की है। इस बारे में सांसद उत्कर्ष वर्मा ने कहा कि वह पहले ही संसद में पलिया-नानपारा रेल लाइन को ब्राॅडगेज कराए जाने की मांग रख चुके हैं और अब व्यापार मंडल के ज्ञापन के बाद दोबारा से इस समस्या को रेलमंत्री के सामने पेश करेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री अमित महाजन, जसपाल सिंह गहोनिया, श्याम आनंद, राजेश कुमार, मोहम्मद फहीम अंसारी, गौरव अग्रवाल, आदित्य मौर्य, मनीष अरोड़ा, श्रीकृष्ण सिंघल, जसवीर फ्लोरा, अनूप गुप्ता, फिरोज खान समेत बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि व सदस्य मौजूद रहे।