बेलवा गांव में अधिकारियों से वार्ता करते हिंदू महासभा के लोग। संवाद
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव बेलवा के मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्तियों को खंडित करने और धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश करने वाले अराजकतत्वों के बारे में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
शुक्रवार की रात कुछ अराजकतत्वों ने बेलवा गांव के वीर बाबा मंदिर में स्थापित श्री बालाजी और दुर्गा माता की मूर्तियों को तोड़कर खंडित कर दिया था। इससे गांव वालों में आक्रोश फैल गया था। पूर्व प्रधान मथुरा प्रसाद ने इसकी रिपोर्ट अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। अधिकारियों के समझाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन देने पर गांव वाले मान गए थे।
इस मामले में अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। थाना प्रभारी प्रवीर कुमार गौतम का कहना है कि पुलिस टीम अराजकतत्वों का पता लगाने में लगी हुई है। पता चलते ही उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इधर अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष सचिन पांडे, जिला उपाध्यक्ष डॉ. पीयूष शुक्ला, नगर अध्यक्ष सचिन सिंह, सौरभ सिंह चौहान, राज प्रताप सिंह, सुधीर कोहली, अनूप श्रीवास्तव, अभिषेक भट्ट और सुभाष मिश्र ने घटनास्थल पर जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। महासभा के पदाधिकारियों ने एसडीएम और सीओ से वार्ता कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की माग की।