मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह माह पूर्व शादी होकर आई विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव गारवपुर निवासी सोनू का विवाह 25 फरवरी को सिकंदरपुर थाना हरगांव जिला सीतापुर के राकेश कुमार की बेटी निशा के साथ हुआ था। राकेश कुमार ने बताया कि उसने शादी में दहेज पर अपनी हैसियत के मुुताबिक कार समेत तमाम जेवर और सामान आदि पर करीब दस लाख रुपये खर्च किये थे। साथ ही आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसकी ससुराल में पति सोनू, ससुर श्रीपाल, सास निर्मला देवी और देवर आशीष उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे और अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। उक्त मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री को 10 सितंबर की रात मारकर फंदे पर लटका दिया। जब मायके वाले पुत्री के ससुराल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि आरोपी ससुराल वाले अपना कृत्य छिपाने की गरज से उनकी पुत्री को सीएचसी मोहम्मदी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर क्राइम सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। पति सोनू समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित तमाम धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट दर्ज होते ही ससुराल वाले भाग गए।