देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस यानी बालदिवस को बच्चों ने खूब धूमधाम से मनाया। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक और अन्य संस्थाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विचार गोष्ठियों का आयोजन किया।
बाल दिवस के मौके पर बचपन संवारो फाउंडेशन ने लक्ष्मी नारायण मंदिर में कार्यक्रम किया। यहां बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया। यहां बच्चों के मध्य खेल भी कराए गए। शहर के महंत हरी सिंह निर्मल पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्या नीलम शर्मा ने बच्चों को बालदिवस के बारे में बताया। उस्मानी पब्लिक इंटर कालेज महेवागंज में बच्चों ने बाल मेले का आयोजन किया। यहां कालेज के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह ने नेहरू जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर चर्चा की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। शिव कॉलोनी स्थित जय दुर्गे विद्यामंदिर में बच्चों ने लघु नाटिका प्रस्तुत की। यहां बच्चों को नेहरू जी के बारे में बताया गया। किड्स एन टींस स्कूल में बच्चों को बाल दिवस के बारे में बताया गया। यहां बच्चों ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। इन बच्चों को गांधी पार्क ले जाया गया, यहां बच्चों ने झूला आदि का आनंद लिया।
गोला गोकर्णनाथ। जीवनलाल कमला देवी कन्या महाविद्यालय और जेके पब्लिक इंटर कालेज में संयुक्त रूप से बाल दिवस मनाया गया। यहां छात्राओं ने रंगोली सजाई। माया मेमोरियल सरस्वती शिक्षा मंदिर इंटर कालेज में कुर्सी दौड़, तीन टांग दौड़, मेंढक दौड़ और बटर फ्लाई दौड़ कराई गई। प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेशचंद दीक्षित ने विद्यार्थियों को सतत परिश्रमशील बनने पर जोर दिया। नवोदय इंटर कॉलेज में विद्यालय के प्रबंधक हरद्वारी लाल वर्मा ने चाचा नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कोटवारा रोड स्थित सिल्वर सिटी एकेडमी में कई कार्यक्रम हुए। स्वामी रामाश्रम विद्या मंदिर में बच्चों को चाचा नेहरू के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार, खो-खो, कबड्डी आदि खेलों में बढ़ चढ़कर भाग लिया।
डीजी मेमोरियल स्कूल अलीगंज में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन सांसद रविप्रकाश वर्मा ने किया। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक माडल पेश किए।
रजागंज। मां गायत्री महाविद्यालय खम्हौल में विद्यार्थियों को प्रेरणादायक प्रसंगों से अवगत कराया गया।
ममरी। सरदार पटेल स्मारक इंटर कालेज और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गईं। बच्चों ने बिस्कुट, नमकीन, गुब्बारे और खिलौने आदि की दुकानें लगाईं।
पलियाकलां। शहर के गोल्डन फ्लावर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल एकेडमी स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल, इंडियन एकेडमी, एडमांटन पब्लिक स्कूल, पलिया मांटेशरी, सरस्वती विद्या मंदिर, बलदेव वैदिक इंटर कालेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज के साथ ही अन्य तमाम जगहों पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। चाचा नेहरू के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मझगईं। बालदिवस के अवसर पर कस्बे के श्रीमती चंद्रानी सरस्वती शिशु मंदिर में बाल मेले का आयोजन किया गया और खेलकूद की प्रतियोगिताएं हुईं। नेहरू जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनको याद किया गया।
खमरिया। ऐरा बाल विद्यामंदिर इंटर कालेज, श्रीमती चन्द्रप्रभा विद्या मंदिर इंटर कालेज, ब्राइट वे पब्लिक स्कूल, जयगुरुदेव एकेडमी पब्लिक स्कूल, आलोक विद्यापीठ, राधास्वामी इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर आदि शिक्षण संस्थाओं में नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण करके उनके चरित्र के बारे मे बताया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं।
बांकेगंज। कस्बा सहित क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शिक्षक शिक्षिकाओं ने चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजली दी। स्कूलों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गईं। बच्चों ने स्कूल प्रांगण में खानपान स्टाल लगाए। प्रांगण में लगे स्टॉलों पर बच्चों ने जमकर खरीददारी की।
ओयल-खीरी। यहां स्कूलों में बाल दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए हालांकि तमाम विद्यालयों में अवकाश के कारण कार्यक्रम नहीं हुआ।