सिकंदराबाद। नीमगांव के मूड़ादीक्षित निवासी युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में जमीन पर पड़ा मिला। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। परिजनों के बयान दर्ज किए और शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।
सिकंदराबाद चौकी के गांव मूढ़ादीक्षित निवासी संजीत कुमार दीक्षित का शव सोमवार की देर रात घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। शव जमीन पर पड़ा था। पीठ पर चोट के निशान भी बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार संजीत ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं युवक का शव जमीन पर पड़ा होने के कारण तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। मृतक संजीत की शादी हो चुकी थी। उसके तीन संतानें हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा लाल है। सूचना पर चौकी पुलिस गांव पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। संवाद