खमरिया में घटनास्थल पर रोते बिलखते परिवारीजन। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र के गांव रैनी के निकट शारदा नदी में डूबे युवक का शव पांचवें दिन बरामद हो गया। शव मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के रैनी गांव के निकट नदी के पानी मे एक शव उतराता देखे जाने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त थाना खीरी के गांव नौवापुर निवासी रमेश (29) पुत्र विशंभर गोड़िया के रूप में हुई। परिवार वालों ने बताया कि शनिवार को रमेश गांव के ही कुछ साथियों के साथ शारदा नदी के जद में आए खेतों में खड़े पेड़ मजदूरी पर काटने गया था। बाद में पेड़ पर बैठकर नदी पार करते समय वह डूब गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है। घर के मुखिया की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक की पत्नी कांती ने बताया कि रमेश पर ही पूरे परिवार के पालन पोषण की जिम्म्मेदारी थी। दो बीघे जमीन थी वह भी नदी में कट गई। रमेश अपने पीछे चार वर्षीय अंकुश सात वर्षीय खुशबू और नौ माह की निशा को छोड़ गया है। संवाद