पुत्र के साथ डनलप से गन्ना बोने जा रहा थे खेत
पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर डीसीएम चालक ने सामने से बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में गांव महतौपुरवा निवासी डनलप चालक 48 वर्षीय रामलोटन गुप्ता और एक भैंस की मौत हो गई। डनलप पर सवार 12 वर्षीय पुत्र धर्मपाल भी घायल हो गया। मृतक अपने पुत्र को डनलप पर बैठाकर गन्ना बुआई करने के लिए खेत पर जा रहा था।
गांव महतौपुरवा निवासी रामलोटन का खेत गांव कलुआपुर के पास है। रविवार की सुबह वह अपने बड़े पुत्र धर्मपाल के साथ डनलप से गन्ना बीज लेकर अपने खेत में बोआई करने जा रहे थे। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर रेहुआ चौराहा के निकट बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से डनलप में टक्कर मार दी, जिससे डनलप के परखचे उड़ गए और रामलोटन और एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। गन्ने के ऊपर बैठा उसका पुत्र धर्मेंद्र उछलकर दूर गिरा, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक और हेल्पर डीसीएम मौके पर छोड़कर भाग निकले। सूचना पर मृतक के रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।