अदलाबाद गांव में गरीब दलित परिवार की मदद के लिए सिंगाही नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम पहुंचे। उन्होंने पूरे परिवार के इलाज का जिम्मा लेकर पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता और फल दिए। एसडीएम पीके सिंह ने भी मौका मुआयना किया। मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज शुरू हो गया है।
गांव अदलाबाद निवासी वीरो देवी की बड़ी पुत्री फूलकुमारी का एक माह का बेटा बीमारी के चलते मर गया। उसके बाद फूलकुमारी बीमार हुई। धीरे-धीरे राजकुमारी, शैलकुमारी और ओमकुमारी भी बीमार पड़ गई। सोमवार को शैलकुमारी और बुधवार को ओमकुमारी की इलाज के अभाव में मौत हो गई। गरीब परिवार की मदद करने के लिए सिंगाही नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम वहां पहुंचे और परिवार वालों को पांच हजार रुपये और फल दिए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम पीके सिंह ने कोटेदार से कहकर गेहूं, चावल और चीनी की व्यवस्था कराई। बृहस्पतिवार की सुबह बीमार राजकुमारी और फूलकुमारी को सीएचसी में गांव के ही पवन विश्वकर्माने भर्ती कराया। मोहम्मद कय्यूम ने कहा कि परिवार के इलाज में जितना भी धन खर्च हो वे करेंगे।