ज्ञापन देने पहुंचे भारतीय दलित पैंथर के कार्यकर्ता व ग्रामीण। संवाद
लखीमपुर खीरी। भारतीय दलित पैंथर के प्रदेश संयोजक मनोज कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और संगठन पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक को दिया गया।
ज्ञापन में संगठन ने गोला क्षेत्राधिकारी रमेश तिवारी, मैलानी इंस्पेक्टर बृजेश मौर्य और बांकेगंज चौकी प्रभारी संतोष तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का आरोप है कि 14 अप्रैल को बांकेगंज क्षेत्र के मोतीपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के दौरान हुई घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि रात में पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर महिलाओं के साथ अभद्रता, मारपीट और उत्पीड़न किया गया। दलित पैंथर ने मामले की सीबीआई जांच कराने, संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें बर्खास्त करने, कथित आरोपी चंदा देवी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उपजिलाधिकारी को हटाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि 30 जून तक मांगें पूरी नहीं होने पर जिले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।