ओवरलोड ट्रॉले से अचानक गन्ना गिरने से हुआ हादसा
गोविंद शुगर मिल में गुरुवार तड़के दिहाड़ी मजदूर पर डोंगे के पास ट्रॉले में भरा गन्ना अचानक गिर पड़ा, जिससे वह पड़ोस में जलती आग में गिर गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है।
पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव अल्लीपुर निवासी गिरधारीलाल का पुत्र अनिल मिश्रा (40) गोपाल ठेकेदार के साथ दिहाड़ी मजदूरी करता है। गुरुवार तड़के डोंगे के पास जल रही आग के पास वह खड़े होकर आग ताप रहा था। तभी अनलोड होने के लिए आए एक ओवरलोड ट्रॉले से कई क्विंटल गन्ना अचानक अनिल के ऊपर गिर गया। अचानक गन्ना गिरने से अनिल आग और गन्ने के बीच में फंसकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद चालक ट्रॉला छोड़कर भाग निकला। हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर और अन्य लोगों ने गन्ने को हटाकर अनिल को बाहर निकाला और इसकी सूचना मिल प्रबंधक को दी। मिल प्रबंधक ने एंबुलेंस से अनिल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग अनिल को लेकर लखनऊ गए हैं।