बग्घून/अमीरनगर (लखीमपुर खीरी)। कोरोना संक्रमण के चलते ग्राम सैदापुर के निकट बाबा टेढे़नाथ धाम के भी सावन के प्रत्येक सोमवार को कपाट बंद रखने पर सहमति जताई गई। सावन के अन्य दिनों में श्रद्धालु सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भोलेनाथ के दर्शन कर सकें गे।
मंदिर परिसर में एसडीएम अखिलेश यादव, सीओ प्रदीप कुमार यादव, मोहम्मदी प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, अमीरनगर चौकी प्रभारी लल्ला गोस्वामी की मौजूदगी में कोरोना महामारी के मद्देनजर गाइड लाइन अनुसार सावन में बाबा टेढे़नाथ धाम पर लगने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ग्राम प्रधान जितेंद्र बाजपेई, मंदिर पुजारी प्रेमचंद गिरि आदि से विचार विमर्श के बाद उपरोक्त निर्णय लिया गया।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि सावन में प्रत्येक सोमवार को यहां हजारों की संख्या में भीड़ हो जाती है। सोमवार को भीड़ रोक पाना मुश्किल है, इसी वजह से सावन के सभी सोमवार को मंदिर के कपाट बंद करने का निर्णय लिया गया है। एसडीएम ने ग्राम प्रधान जितेंद्र बाजपेई को क्षेत्र के सभी गांवों में माइक से इस बात को प्रचारित करने तो सीओ ने चौकी प्रभारी अमीरनगर को गेट के आसपास की दुकानें हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर अनूप बाजपेई, खुनखुन मिश्रा, बालकराम, मझिले गुप्ता, अजयपाल गुप्ता, लखवीर सिंह, दीपसिंह आदि मौजूद रहे।
शिवलिंग और मूर्तियों का न करें स्पर्श
एसडीएम अखिलेश यादव ने कहा कि सावन में सोमवार को छोड़कर अन्य दिनों में सामाजिक दूरी के हिसाब से श्रद्धालुओं को भोलेनाथ के दर्शन कराए जाएं। श्रद्धालु बेलपत्र, पूजन सामग्री दूर से अर्पित करें और शिवलिंग, मूर्तियों और मंदिर परिसर में लगे घंटों का स्पर्श न करें।