लखीमपुर खीरी। महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को पूरा जिला शिवमय हो गया। हर हर महादेव के जयकारों के बीच शिवालयों में भोर से लेकर रात तक श्रद्धालुओं ने महादेव को पूजा की। मंदिरों में पूरे दिन गंगाजल, बिल्व पत्र, दूध-दही, फूल बेर, भांग धूप दीप से शिव पूजन का सिलसिला चलता रहा। मंदिरों में खीर और ठंडाई बंटी। शाम को बाबा का शृंगार और महाआरती हुई। शहर में शाम को धूमधाम से शिवबरात निकाली गई।
शहर के प्राचीन भुइफोरवानाथ मंदिर, बाबा जंगली नाथ शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में अल सुबह ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की मंदिरों में लंबी लंबी लाइन लग गईं। शंख एवं घंटों की ध्वनि और शिव के जयकारों से पूरा शहर शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का दूध, गंगाजल एवं अन्य पवित्र नदियों से लाए जल से अभिषेक किया। उसके बाद उन्हें बेलपत्र, धतूरा, बेर, भांग, गन्ना एवं फल अर्पित किए। मंदिरों में सुंदरकांड और रामायण का पाठ हुआ। शहर के दु:खहरण नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ पूजन किया। मंदिर में सुंदरकांड पाठ हुआ और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। पुजारी ओम प्रकाश मिश्रा, सदर एसडीएम डॉ. अरुण कुमार सिंह, आरएसएस के जिला प्रचारक अभिषेक, सीओ सिटी विजय आनंद, भारत विकास परिषद के अनिल श्ुाक्ला आदि मौजूद रहे।