पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) की पलिया रेंज के लगदहन बीट के पास गन्ने के खेत में तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में एक शावक की मौत हो गई। मारा गया शावक करीब पांच से छह माह का अवयस्क मादा तेंदुआ बताया जा रहा है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे जंगल गश्त के दौरान रेंज स्टाफ को खेत में शावक का अधखाया और क्षत-विक्षत शव मिला। मौके के आसपास बड़े तेंदुओं के ताजे पैरों के निशान भी मिले हैं, जिससे बीती रात आपसी संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
डिप्टी रेंजर शिवबाबू सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमाॅर्टम के लिए तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है, जिसमें वन विभाग के चिकित्सक डॉ. दया, पशु चिकित्सालय पलिया और संपूर्णानगर के पशु चिकित्सक शामिल हैं। रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल टीम मौके पर निगरानी कर रही है।