संपूर्णानगर चीनी मिल के यार्ड में खड़े गन्ना भरे वाहन। संवाद
संपूर्णनगर। बृहस्पतिवार को सुबह से ही ब्रेकडाउन के चलते चीनी मिल बंद हो गई। इस कारण यार्ड में गन्ना वाहनों की कतारें लग गईं। चीनी मिल सूत्रों की मानें तो यह लंबा ब्रेकडाउन है। इसका कारण है कि मिल के केन कैरियर की शापट टूट गई।
बृहस्पतिवार को संपूर्णानगर चीनी मिल क्षेत्र के बहादुरनगर व विशेनपुर क्रय सेंटर से गन्ना लेकर पहुंचे किसानों के वाहन जहां के तहां खड़े रहे। किसान उमेंद्र सिंह ने बताया कि जब से मिल शुरू हुई है, तब से लगातार बंद हो रही है। बृहस्पतिवार को भी दस घंटे से मिल बंद है और गन्ना लेकर आए किसान परेशान हैं। जीएम से मुलाकात की है तो उन्होंने समय मांगा है और मिल में आई तकनीकी खराबी को दूर करने की बात कही है। किसान जागीर सिंह ने बताया कि रात 12 बजे से तुली ट्राॅली खड़ी है, लेकिन कब तक मिल चलेगी, इसपर कुछ नहीं बता सके हैं।
विशेनपुरी गांव के प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार ने बताया कि सुबह से मिल बंद है और किसान गन्ना लेकर खड़े हैं। चीफ इंजीनियर, गन्ना अधिकारी व जीएम से वार्ता के बाद भी अब तक कोई खास आश्वासन नहीं मिला है।
चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक रमेश कुमार ने बताया कि केन कैरियर बैगास ले जाने वाली चैन का शापट टूट गया है, जिसको ठीक कराया जा रहा है। साथ ही सफाई का कार्य भी होना है। जल्द ही ठीक कराकर चीनी मिल को चलाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल देर शाम छह बजे के बाद भी चीनी मिल चल नहीं सकी थी।