मोहम्मदी तहसील में लगी फरियादियों की भीड़। स्रोत : सूचना विभाग
- फोटो : सांकेतिक
लखीमपुर खीरी/मोहम्मदी। प्रभारी डीएम/सीडीओ अभिषेक कुमार और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने शनिवार को मोहम्मदी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक 60 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया।
सीडीओ ने शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान मोहम्मदी सराय के ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए तालाब को कब्जामुक्त कराने की मांग की। लाखन आर्मी के पदाधिकारियों ने राष्ट्रवीर महाराजा सुखदेव पासी के विजय दिवस पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति के लिए पत्र सौंपा। अधिवक्ताओं ने मोहम्मदी को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
गोला गोकर्णनाथ में एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 55 शिकायतें आईं। इनमें राजस्व एवं आपदा की 35, संयुक्त जांच की नौ, पुलिस की सात, खाद्य एवं रसद की तीन, विद्युत एवं ग्राम विकास की दो-दो तथा समाज कल्याण एवं वन पर्यावरण की एक-एक शिकायत शामिल रही। इनमें केवल पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार भीम चंद और सीओ रमेश कुमार तिवारी मौजूद रहे।
-
धौरहरा में राजस्व से जुड़ीं नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण
धौरहरा तहसील में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने 68 शिकायतें सुनीं। इनमें राजस्व से जुड़ी नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। एडीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल, सीओ शमशेर बहादुर सिंह और ईओ जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।