रमियाबेहड़। पढुआ थाना क्षेत्र के जम्हौरा गौढ़ी गांव में शनिवार शाम सोती नदी में घुसी भैंस को पकड़ने गए किसान की डूबने से मौत हो गई।
पसियन पुरवा निवासी 50 वर्षीय फकीरा पुत्र धनीराम वर्षों से जम्हौरा गौढ़ी गांव में सोती नदी किनारे झोंपड़ी बनाकर रहते थे। शनिवार शाम उनकी एक भैंस नदी में चली गई। उसे वापस लाने के लिए फकीरा नदी में उतरे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। नदी की ओर गए लोगों ने उनका शव पानी में उतराता देखा। ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंची पढुआ पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार फकीरा की पुत्री दुर्गावती की 29 जून को शादी तय है। पिता की अचानक मौत से बेटी बेसुध हो गई। फकीरा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। संवाद