लखीमपुर खीरी। विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को राजापुर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के ओपेन ऑडिटोरियम सह मल्टीपरपज हॉल में रोजगार मेला लगा। मेला में दूरदराज से 325 युवा साक्षात्कार देने को पहुंचे। मेला में योग्य 123 अभ्यर्थियों का नौकरी के लिए चयन किया गया।
योग्यता के अनुसार, युवाओं को 10 से साढ़े 22 हजार रुपये तक वेतन की नौकरी मिली है। रोजगार मेला में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रामा एजुकेशन हब, धनवर्षा, लोरशन एंड टर्बो सीएससीआई, यश कॉनट्रेक्शन आदि 12 प्रतिष्ठित कंपनियों के अधिकारी पहुंचे, जिन्होंने युवाओं का साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेला में आईटीआई कॉलेज के अलावा कौशल विकास के साथ अन्य युवाओं ने भी प्रतिभाग किया। रोजगार मेला में सिविल, निर्माण, बीमा एजेंट, सुपरवाइजर व कार्यालय में काम करने के लिए युवाओं का चयन किया गया। रोजगार मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मोहम्मदी के प्रधानाचार्य सुशोभित गंगवार, सेवा योजना अधिकारी सांक्षी डांगुर की देखरेख में आयोजित हुआ। इस मौके पर कौशल विकास के कार्यदेशक विनोद कुमार, एमआईएस मंगला त्रिवेदी सहित अवधेश कुमार, रोहित त्रिपाठी, चंदन सिंह, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
बेहजम क्षेत्र के लीलाकुआं गांव निवासी अंकित ने बताया कि पिछले साल रोजगार मेला से नौकरी मिली थी। गुजरात की एक कंपनी में 21 हजार रुपये वेतन था। काफी दिन नौकरी की, लेकिन बीच में तबीयत खराब होने से काम छोड़ना पड़ा। अब दोबारा आया हूं।
कैमहरा के सूर्यकांत ने बताया कि गुजराज की एक कंपनी में 22 हजार रुपये की नौकरी मिली थी। अच्छे से काम चल रहा था, लेकिन परिवार की समस्या के चलते नौकरी छोड़नी पड़ी। अब दोबारा से साक्षात्कार लिया है। उम्मीद है चयन भी हो जाएगा।
अंकित कुमार
अंकित कुमार