बिजुआ। शारदा नदी के ढकिया घाट के पास नदी पार कर रहे युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने युवक के दोनों पैर जबड़े में दबोचकर उसे पानी में खींचने की कोशिश की। युवक ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ का मुकाबला किया, जिससे उसकी जान बच सकी।
गांव पलियापुरवा निवासी संजय कुमार (35) पुत्र भागोती प्रसाद खेत में गन्ना गाड़ने के बाद शारदा नदी पार कर घर लौट रहे थे, तभी ढकिया घाट के पास मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और दोनों पैर जबड़े में फंसा लिए।
संजय के शोर मचाने पर उनके साथी मौके पर पहुंच गए। साथियों ने शोर मचाकर मगरमच्छ को भगाया और युवक को बाहर निकाला। घायल संजय को परिजन आनन-फानन में बिजुआ सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि नदी से गुजरते समय मगरमच्छ के हमले में युवक घायल हुआ है। बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से प्रार्थनापत्र मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।