मैलानी। डालीगंज-मैलानी रेलखंड पर मालगाड़ियों की क्रॉसिंग के चलते यात्री ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं। भीषण गर्मी में ट्रेन और प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्री परेशान हो रहे हैं। सोमवार को गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस समेत डालीगंज की ओर से आने वाली सभी ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
ट्रेन नंबर 15009 गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस सुबह 10 बजे के बजाय करीब साढ़े तीन घंटे देरी से दोपहर 1:30 बजे मैलानी पहुंची। ट्रेन नंबर 55086 गोमतीनगर-पीलीभीत पैसेंजर 12:30 बजे के बजाय 1:56 बजे और ट्रेन नंबर 55084 डालीगंज-मैलानी पैसेंजर 1:25 बजे के बजाय 2:50 बजे पहुंची।
डालीगंज से मैलानी के बीच दिन में गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें चलती हैं, लेकिन कोई भी समय से नहीं पहुंच पा रही है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की लेटलतीफी से सफर मुश्किल हो गया है।
रेलखंड सिंगल ट्रैक होने के कारण मालगाड़ियों की क्रॉसिंग में यात्री ट्रेनों को बार-बार रोका जाता है। आमान परिवर्तन के बाद इस मार्ग पर मालगाड़ियों का संचालन बढ़ा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।