पंजाब से मजूदरी कर वापस आ रहे युवक की ट्रेन से गिर कर मौत हो गई, खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चौकी क्षेत्र के गांव मूड़ा खालसा निवासी विशंभर दयाल का 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार उर्फ लीला अपने गांव के साथियों के साथ गत पांच जून 2015 को पंजाब के टेडसा धनराला में धान की रोपाई करने गया था, रोपाई का काम पूरा हो जाने के बाद वह एक जुलाई को अपने साथियों के साथ ट्रेन से घर वापस आ रहा था।
उसके साथियों ने बताया कि ट्रेन में अधिक भीड़ होने के कारण अमित गेट पर बैठ गया और उसे नींद आ गई, जिससे वह लक्सर- नगीना स्टेशन के बीच ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना परिवार वालों को दे दी गई। नगीना रेलवे पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे गांव भिजवा दिया।
शुक्रवार सुबह जब उसकी लाश गांव पहुंची तो भीड़ लग गई। उसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विशंभर दयाल ने तीन पुत्रों में अमित दूसरे नंबर का था, उसके निधन से बड़े भाई शैलेंद्र, छोटा भाई करन, बहन राधिका, खुशबू सहित माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है।
अमीरनगर। क्षेत्र के सेठ जगन्नाथ प्रसाद उमा विद्यालय मूड़ा खालसा के हाईस्कूल के छात्र अमित कुमार के आकस्मिक निधन पर स्कूल में शोक सभा कर अवकाश कर दिया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य ओमप्रकाश वर्मा सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।