फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खीरी टाउन में युवक की गोली मारकर हत्या, तनाव

Sat, 30 May 2015 07:29 PM IST
खीरी टाउन
विज्ञापन
विज्ञापन
कस्बे में शुक्रवार की रात को बाइक सवार दो हमलावरों ने मोबाइल की दुकान चलाने वाले 23 वर्षीय शफाकत अली फारुखी की गोली मारकर हत्या कर दी।  हमलावरों ने गोलियां सीने से सटाकर मारीं, जिसमें से एक गोली आरपार निकल गई, जबकि दूसरी शरीर में फंसकर रह गई। शुक्रवार रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराकर शनिवार की सुबह शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दुकानदार की हत्या से शनिवार को खीरी टाउन में तनाव रहा।
विज्ञापन

मोहल्ला बुखारी टोला निवासी इरशाद हुसैन फारुखी उर्फ मुन्नन के 22 वर्षीय पुत्र शफाकत हुसैन फारुखी उर्फ अदब की सदर बाजार में मोबाइल की दुकान है। शुक्रवार की देररात शफाकत अपनी दुकान बंद करके घर जाने के लिए जैसे ही मुड़ा, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे रोक लिया और एक हमलावर ने उसके सीने में ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दी। इससे शफाकत वहीं पर गिर गया, जिसके बाद दोनों बाइक सवार बदमाश भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर आ गए और घायल युवक के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। घायल शफाकत को आनन-फानन में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में ही मृतक शफाकत के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार की सुबह शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी अरविन्द सेन ने मौका मुआयना किया और जिला अस्पताल जाकर घटना की जानकारी ली। ढाढ़स बंधाने के लिए एसडीएम सदर और सीओ सिटी पीड़ित परिवार के घर पर पहुंचे। मृतक के पिता इरशाद हुसैन फारुखी ने बाइक सवार दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हत्यारों के नाम को लेकर चुप्पी ने खड़े किए सवाल
लखीमपुर खीरी। मुस्लिम बाहुल्य कस्बा खीरी टाउन की घनी बस्ती में सरेबाजार शफाकत हुसैन को गोली मारने के बाद हत्यारे आराम से बाइक दौड़ाते भाग निकले, लेकिन किसी ने भी उन्हें पकड़ने की जहमत नहीं उठाई। इतना ही नहीं कोई भी चश्मदीद निकलकर नहीं आया और न ही गोली लगने से तड़पते शफाकत को अस्पताल भिजवाने की जहमत उठाई। 20 मिनट बाद सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस की जांच अब इस ओर भी है कि आखिर हत्यारोपियों का नाम लेने से हर कोई क्यों बच रहा है? जिस मार्केट में उसकी दुकान थी, वहीं गोली लगने के बाद भी लोग उसे तड़पते देखते रहे, लेकिन कोई भी मदद को नहीं दौड़ा।
विज्ञापन

संवेदनहीनता पर सिपाही सस्पेंड
जिस समय शफाकत हुसैन गोली लगने से तड़प रहा था, उस समय पड़ोस में ही किराए पर रहने वाला शहर की राजापुर पुलिस चौकी में तैनात सिपाही वजीब वहां से निकल रहा था, लेकिन उसने भी घायल की मदद नहीं की। एसपी अरविंद सेन ने बताया कि सिपाही ने घटना की सूचना एक दरोगा को दी थी, लेकिन उसने घायल को उठवाकर अस्पताल भिजवाने की जहमत नहीं उठाई। सिपाही की संवदेनहीनता मानते हुए एसपी ने उसे सस्पेंड कर दिया है।
मृतक के पिता पालीटेक्निक में हैं बाबू
मृतक के पिता इरशाद हुसैन फारुखी राजकीय पालीटेक्निक लखीमपुर में बाबू हैं। जबकि मृतक की मां रियाज अख्तर समाजवादी पार्टी की जिला महिला प्रकोष्ठ की सचिव हैं।
गुस्साए लोगों ने बाजार बंद कर लगाया जाम
घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार की सुबह बाजार में दुकानों को बंद कराते हुए सदर चौराहे पर जाम लगा दिया। इससे अफरा-तफरी फैल गई, वहीं जाम से तनाव की स्थिति बन गई। करीब आधे घंटे तक लोगों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की, जिसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर आलोक वर्मा और सीओ सिटी एमपी सिंह के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया।
प्री प्लान किया गया मर्डर
हमलावरों ने प्री प्लान इस हत्याकांड को अंजाम दिया। रात में दुकान बंद कर लौैटते समय शफाकत पर हमला किया गया, जो इस बात को पुख्ता करता है कि हमलावरों ने कई दिन पहले से प्लानिंग कर रखी थी।
सीओ सिटी एमपी सिंह का कहना है कि युवक के सीने से सटाकर गोलियां मारी गईं थी। पोस्टमार्टम में उसके शरीर में एक गोली फंसी हुई निकली है, जबकि दूसरी गोली आरपार निकल गई थी। नजदीक से गोली मारने के चलते ब्लैकनैस (बारूद से झुलसना) पाया गया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें