मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव चंदीपुर में सोमवार को बुलेरो से आए आधा दर्जन सशस्त्र हमलावरों ने एक घर पर धावा बोल दिया, जिसके बाद फायरिंग कर महिला को अगवा करने की कोशिश की। महिला के पति के विरोध करने पर एक हमलावर ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने भाग रहे एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। घटनास्थल पर डेढ़ घंटे की देरी से पुलिस पहुंची।
चंदीपुर गांव निवासी सुनील त्रिवेदी पेशे से किसान है। सोमवार को अपरान्ह करीब चार बजे ककरहा गांव निवासी सुखपाल सिंह अपने साथियों के साथ बुलेरो से चंदीपुर गांव पहुंचे और सुनील के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इसके बाद हमलावरों ने सुनील की पत्नी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया, जिस पर पति ने विरोध किया तो हमलावरों ने गोली मारकर उसे घायल कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और भाग रहे हमलावरों में से एक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान बुलेरो चालक ढाका निवासी मोनू के तौर पर हुई है। ग्रामीणों ने रामू की जमकर धुनाई भी कर दी। सूचना पाकर एसओ रामऔतार यादव और फत्तेपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए एक हमलावर को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस के आने से पहले घायल सुनील को एंबुलेंस से मितौली सीएचसी भेजा गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अभी इस मामले में तहरीर का इंतजार कर रही है।