ओलिवर फिल्टर की मरम्मत करने के दौरान हुआ हादसा
बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड में ओलिवर फिल्टर की मरम्मत करते समय अचानक साफ्ट टूट गई, जिससे मिल की पुरानी कॉलोनी निवासी श्रमिक 45 वर्षीय राजेंद्र शुक्ला नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मिल में हड़कंप मच गया। घायल कर्मचारी को मिल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, श्रमिकों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मिल की पुरानी कॉलोनी निवासी राजेंद्र शुक्ल चीनी मिल पर ब्वायलिंग फिटर के पद पर तैनात हैं। दोपहर को वह अपने पुत्र हेल्पर पंकज कुमार के साथ ओलिवर फिल्टर की मरम्मत कर रहे थे। साफ्ट पर चढ़कर वह उसे चेन स्पाकेट से हटा रहे थे, तभी साफ्ट अचानक टूट गई और वह नीचे गिरकर घायल हो गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में साथी श्रमिक और कर्मचारियों ने घायल राजेंद्र को मिल के अस्पताल में लाकर भर्ती कराया है। श्रमिक शैलेंद्र शाह, सुरेश शर्मा, शशिकांत मिश्र, सूर्यकांत मिश्र, दामोदर तिवारी आदि ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। श्रमिकों का कहना है कि मिल के अंदर नियमित साफ सफाई और मशीनों की देखरेख नहीं की जाती, जिससे अक्सर दुर्घटनाओं में श्रमिक घायल होते हैं और उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है। मैकेनिकल जीएम केके तिवारी ने बताया कि राजेंद्र शुक्ल बंद फिल्टर को ठीक कर रहे थे, तभी उनके हाथ में चोट लग गई है। जिनका मिल अस्पताल में इलाज कराया गया है।