अमिरतापुर में लगने वाले मोहर्रम माह के चालीसवां का मेला देखकर अपने पति के साथ पैदल ही मायके वापस जा रही विवाहिता को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। जबकि विवाहिता की गोद में तीन साल का बच्चा उछलकर दूर गिरने से बच गया। ट्रक को लोगों ने रोक लिया। पति की सूचना पर चौकी अलीगंज से महज एक सिपाही ही पहुंचा। जिससे महिला के शव का पंचनामा दो घंटे तक नहीं भरा जा सका था।
गोला कोतवाली क्षेत्र के रहीमनगर ग्रंट के बख्शीशपुर निवासी राम औतार की 25 वर्षीया पुत्री रचना देवी अपने पति करन सिंह निवासी तिलकपुर- ग्रंट न-11, बांकेगंज के साथ रविवार को अमिरतापुर का चेहल्लुम का मेला देखने गई थी। शाम साढ़े पांच बजे के करीब रमुआपुर के सामने मालपुर-अलीगंज रोड पर एक बेकाबू ट्रक सड़क के किनारे पैदल चल रही रचना रौंद दिया, रचना की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान रचना की गोद से छिटककर उसका तीन साल का पुत्र विक्रांत दूर जा गिरा। पत्नी की दर्दनाक मौत देखकर करन बदहवाश हो गया।
वहां से गुजर रहे लोगों ने उसके बच्चे को संभाला और ट्रक को रोक लिया। सूचना पर अलीगंज पुलिस चौकी से एक सिपाही ही मौके पर पहुंचे। जब कि परिवार वाले के बीच पुलिस की कार्यशैली देखकर आक्रोश पनप रहा था। ट्रक में चावल भरा है जो कि गोला से मालपुर की ओर जा रहे थे। चालक फरार हो गया है।