- हथियार दिखाकर परिवार वालों को बांधकर डाला
- सीतापुर जनपद में इलाहाबाद बैंक में हैं प्रबंधक
पसगवां कोतवाली पुलिस चौकी उचौलिया अंतर्गत राष्ट्रीय राजपथ 24 पर वाहन सवार सशस्त्र बदमाशों ने कार को रोककर उसमें सवार बैंक प्रबंधक को परिवार सहित लूट लिया। बदमाशों ने पूरे परिवार को बांधकर डाला, फिर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी गौरव कुमार सीतापुर जनपद में इमलिया सुल्तानपुर स्थित इलाहाबाद बैंक में शाखा प्रबंधक हैं। मंगलवार को गौरव कुमार अपने माता-पिता, पत्नी तथा दो बच्चों के साथ अपनी कार से दिल्ली से सीतापुर आ रहे थे। रात लगभग दस बजे उचौलिया चौकी से लगभग दो किलोमीटर दूर ग्राम मोहदियापुर के निकट पीछे से वाहन पर आए बदमाशों ने कार में साइड मारकर कार रोक ली, तीन बदमाश गौरव कुमार तथा उनके पिता को शस्त्रों के बल पर कार से उतारकर अपने वाहन में ले गए। इस दौरान उनकी पिटाई भी की तथा तीन बदमाश गौरव की कार में बैठ गए। बदमाश दोनों वाहनों को राजपथ से लगभग 700 मीटर बरनैया मार्ग पर सोवरन के खेत में ले गए, वहीं पर लूटपाट की। बदमाश लगभग बीस हजार रुपये नगद, गौरव की पत्नी से सोने की चेन तथा टॉप्स के अलावा मोबाइल लूट ले गए। बुधवार सुबह सात बजे ग्रामीण खेत पर पहुंचे तब बदमाशों द्वारा बांधकर डाले गए गौरव कुमार तथा उनके पिता को बंधन मुक्त कराया। लुटा पिटा परिवार पुलिस चौकी उचौलिया पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आननफानन में एक वाहन की व्यवस्था कर पीड़ित परिवार को सीतापुर भेज दिया। सूचना पर एसपी मनोज झा और एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी उचौलिया पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि पीड़ित मामले की रिपोर्ट दर्ज कराना नहीं चाहता है। फिर भी एक उपनिरीक्षक को गौरव कुमार के पास भेजा गया है। यदि उन्होंने तहरीर नहीं दी तब भी सूचना दर्ज कर बदमाशों का पता कर कार्रवाई की जायेगी, जिससे घटना की पुनरावृत्ति न हो। पीड़ित ने बदमाशों का वाहन सफेद रंग बोलेरो जैसा बताया है। घटना के वर्क आउट करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
राजपथ पर सुरक्षा व्यवस्था हुई तार-तार
जंगबहादुरगंज। शाखा प्रबंधक गौरव कुमार तथा उनके परिवार के साथ राजपथ पर हुई लूट की घटना से डीजीपी द्वारा राजपथ पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बनाई गई रणनीति तार-तार हो गई। इसी राजपथ पर मां बेटी के साथ दुराचार की घटना के बाद पुलिस ने राजपथ पर यात्रियों की सुरक्षा के कई रणनीति तैयार की थी, लेकिन इस घटना से डीजीपी की रणनीति ध्वस्त हो गई। मालूम हो कि उचौलिया चौकी पुलिस का कहना है कि सुखैता नाला तथा लखनौरिया में पुलिस पिकेट पर पुलिस मौजूद रही। इसके बाद भी बदमाशों ने अपने वाहन से चौकी क्षेत्र की सीमा में जाकर घटना को अंजाम दिया।