कोतवाल ने क्षेत्र के लोगों के साथ की बैठक
खुशी में फायरिंग को लेकर पुलिस महकमा सर्तक हो गया है, लोगों में यह संदेश देने के लिए कोतवाली में क्षेत्र के प्रधान और कस्बे के व्यापारियों की बैठक की गई। बैठक में कोतवाल ने खुशी में फायरिंग न करने की हिदायत दी तथा फायरिंग होने पर सख्त कार्रवाई का संकेेत दिया है।
कोतवाली परिसर में हुई बैठक में इंस्पेक्टर जावेद अख्तर ने कहा कि शादी विवाह और पार्टी में लोग जोश में आकर फायरिंग करते हैं। जिससे अपने ही लोगों सहित अन्य की जान को सबसे बड़ा खतरा बना रहता है। शासन ने इस बाबत कड़े दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा इसे हर संभव रोके जाने का प्रयास किया जाए। न मानने पर पुलिस से शिकायत की जाए। खुशी में फायरिंग में यदि कोई व्यक्ति लिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कस्बे के मैरिज हालों में भी हाल स्वामियों को नोटिस देकर सूचित किया जाएगा कि हर हाल में वे मैरिजहाल में खुशी में फायरिंग पर रोंक लगाएं। लापरवाही बरते जाने पर मैरिज हाल स्वामी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सदस्य सुरेश तलवाड़, नीरज तिवारी, सपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता अनीस अहमद, पूर्व प्रधान अहमद खां, प्रधान पति अजय गर्ग टीटू, गुलरिहा पत्थर शाह के प्रधान जगदीप सिंह उर्फ जग्गा सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
ममरी। हैदराबाद थाना में खुशी में फायरिंग पर लगाम लगाने के लिए ग्राम प्रधानों, लाइसेंसी शस्त्र धारकों, संभ्रांत नागरिकों के साथ एसओ विश्वनाथ यादव ने बैठक की। इस मौके पर प्रधान, पूर्व प्रधान, लाइसेंस धारक, संभ्रांत लोग मौजूद रहे।