गांव शाहपुर राजा की घटना, ससुराल वाले फरार, दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
तीन माह पूर्व जन्मी पुत्री को पुलिस ने ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दिया
कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर राजा में एक विवाहिता को दहेज लोभी ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया है।
पुलिस के अनुसार जिला शाहजहांपुर के थाना पुवायां के गांव ढखिया बुजुर्ग निवासी मनीराम ने अपनी पुत्री सीमा देवी की शादी दो साल पहले मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर राजा निवासी स्व. सियाराम के पुत्र राजवीर के साथ की थी। उसका कहना है कि उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था लेकिन शादी के कुछ दिन बाद उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मृतका के पिता का कहना है कि उसने कई बार अपनी पुत्री की ससुराल में आकर ससुरालवालों को समझाया लेकिन उन्होंने उसकी एक न सुनी।
उसका कहना है कि 25 नवंबर की सुबह गांव से ही किसी व्यक्ति ने उन्हें फोन पर पुत्री को आग में जलाकर मार देने की सूचना दी। इस पर वह अपने रिश्तेदारों के साथ पुत्री की ससुराल पहुंचे तो देखा कि उसकी पुत्री जली अवस्था में मृत पड़ी थी। जब उसने इस बावत पूछताछ की तो ससुराल वालों ने गाली गलौज कर भगा दिया। मृतका का पिता कोतवाली आया और घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति राजवीर, जेेठ राजू, राजू की पत्नी (जेठानी) और सास कन्यावती के खिलाफ दहेज हत्या के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया है। मामले की विवेचना सीओ विजय आनंद को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। मृतका की तीन माह पूर्व जन्मी पुत्री को पुलिस ने ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में दे दिया है।
संदिग्ध हालत में महिला की जलकर मौत
मायके वालों ने दहेज हत्या की दी तहरीर
- आठ माह पूर्व हुई थी सुमन की शादी
महंगापुर। इलाके के पंजाब घाट निवासी एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जल गई, उसे पलिया के बाद पहले लखीमपुर फिर लखनफ रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, विवाहिता के पिता ने सास और पति पर आए दिन दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और बाद में आग लगाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल, पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गदनियां निवासी मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी 22 वर्षीय पुत्री सुमन की शादी पंजाब घाट निवासी सुनील पुत्र रामू के साथ आठ माह पूर्व की थी। आरोप है कि शादी के बाद से लड़की के ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे, जिसे पूरा न कर पाने पर 24 नवंबर को ससुरालियों ने मारपीट कर उसे आग के हवाले कर दिया। फिर अपने को बचाने के चक्कर में लड़की को इलाज के लिए एंबुलेंस से पलिया सीएचसी, लखीमपुर खीरी जिला अस्पताल और वहां से रेफर कराके लखनऊ ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने तहरीर में लड़की के पति तथा सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पुलिस से की है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सभी व्यस्त हैं, वापसी आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।