फरधान क्षेत्र के गांव भदूरा में पत्नी से विवाद होने के बाद एक युवक वाशिंग पाउडर घोलकर पी गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। वहीं जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरुवार को गांव भदूरा निवासी 24 वर्षीय मनोज और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हा गया। छोटे भाई राहुल के मुताबिक इससे नाराज होकर मनोज गांव में ही स्थित दुकान पर गया और वाशिंग पाउडर खरीदा। घर लौटने के बाद मनोज सारा वाशिंग पाउडर घोलकर पी गया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं फरधान क्षेत्र के गांव खेतौसा निवासी रामू की 25 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी ने गुरुवार को अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव रमुवापुर निवासी संतोष कुमार की 25 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी को भी जहरीला पदार्थ खाने से गंभीर होने पर सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी अमरजीत सिंह की 32 वर्षीय पत्नी सुरजीत कौर ने अज्ञात कारणों के चलते गुरुवार की सुबह जहरीला खा लिया। परिवारीजनों ने सुरजीत को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।