- चार अन्य आरोपी मौके से फरार
- पैदल गश्त के दौरान मिली सफलता
हत्या के लिए लाए जा रहे 24 गोवंशीय पशुओं को पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी काले उर्फ कल्लू निवासी रुद्रपुर खुर्द थाना खीरी के पास से एक 12 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद होने का दावा किया है।
एसओ तपेश्वर सागर ने बताया कि वह गुरुवार की रात पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीमों ने गांव प्रतापपुर के पास कुछ पशुओं को आते देखा। पुलिस के घेरने पर आरोपी भागने लगे, जिसमें से पुलिस ने दौड़ाकर थाना खीरी के गांव रुद्रपुर खुर्द निवासी काले उर्फ कल्लू को दबोच लिया, जबकि चार अन्य तस्कर भाग निकले। एसओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास एक तमंचा और दो जीवित कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 24 पशु बरामद कर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पशुओं को प्रतापपुर, रमुआपुर गांव के लोगों को पालने की शर्त पर वितरित कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया है। फरार चार अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। बता दें कि गुरुवार को पुलिस ने डीसीएम से 35 क्विंटल मांस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।