गांव अयोध्यापुरवा में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गांव में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इतना ही नहीं गांव में हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। मारपीट में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया। घायलों को निघासन सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हालत खराब होने पर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने एक पक्ष पर बलवा समेत कई संगीन धाराओं में तथा दूसरे पक्ष की एनसीआर दर्ज की है।
सिन्हौना के मजरा अयोध्यापुरवा निवासी शैरूद्दीन ने बताया कि करीब पांच साल पहले एक रास्ता ग्राम प्रधान ने पटवाया था। आरोप है कि उस रास्ते को गांव के शरीफ आदि ने बंद कर दिया था। जब उन लोगों ने रास्ते पर निकलने नहीं दिया तो शैरूद्दीन ने भी अपने घर के पास रास्ता बंद कर दिया। इस कारण नाराज शरीफ बृहस्पतिवार की शाम अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ आ धमके और जबरन रास्ता खुलवाने लगे। इसका विरोध शैरूद्दीन ने किया तो वह लोग उसे पीटने लगे। इस दौरान कई लोग आ गए और मारपीट करने से मना कर दिया। नाराज दबंगों ने शैरूद्दीन, नसरूद्दीन और नसीबू को दौड़ाकर हाथ में सरिया और राड़ से पिटाई की। पिटाई से शैरूद्दीन का पैर, नसरूद्दीन का हाथ और नसीबू का सिर फूट गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी करने की कोशिश की तो वह हवाई फायरिंग कर निकल गए। दूसरे पक्ष से बाबू शेख को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने नसरूद्दीन की तहरीर पर बाबू शेख, नसीर, शरीफ, गुड्डू और रसीद समेत चार पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर बाबू शेख की तहरीर पर पुलिस ने शैरूरद्दीन, मुबारक सहित पांच लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है।