थाने के चंद कदम दूर चोरों ने पशुओं को बांधने के लिए बने एक कमरे की दीवार तोड़कर कई मवेशियों की चोरी कर ली। चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पशुओं के स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है।
ईसानगर कस्बे में थाना भवन के पीछे शिवप्रताप मिश्र का रिहायशी मकान है। मकान के आगे पशुओं के बांधने और भूसा रखने की घारी बनी है। रविवार रात करीब 10 बजे शिवप्रताप ने अपने जानवरों को घारी में बांध दिया और घर जाकर सो गया। बताते हैं रात करीब एक बजे चोरों ने कमरे की दीवार तोड़ दी और अंदर दाखिल होकर घारी मे बंधे एक जोड़ी भैंसा, दो भैंस और एक पड़िया खोल ले गये। थानाध्यक्ष आरपी यादव का कहना है कि पीड़ित पशु मालिक की तहरीर मिली है। चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।