पीलभीत-बस्ती हाईवे के बसढ़िया चौराहा पर गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम, बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट
थाना ईसानगर क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर बसढ़िया चौराहा के पास ट्रक से बाइक भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक और उस पर सवार एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक सवार हेलमेट भी नहीं लगाए हुए थे।
लखीमपुर से बेहननपुरवा मजरा केशवपुर खुर्द निवासी इसराइल सोमवार को बाइक पर अपने चाचा गांव केशवापुर खुर्द निवासी अब्दुल रहमान(55) और एक महिला को बैठाकर घर वापस वापस लौट रहे थे। सुबह करीब सात बजे चौकी क्षेत्र बसढ़िया चौराहा पार करते समय अचानक गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बाइक बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि बीच में बैठे अब्दुल रहमान उछल कर ट्रक के पहिए के नीचे आ गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक व महिला को छुटपुट चोटे आई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी फूलचंद ने घायलों को अस्पताल भेजा और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मृतक के पुत्र अब्दुल हाफिज की तहरीर पर चालक केे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि बाइक पर सवार लोग हेलमेट भी नहीं लगाए हुए थे।