दुकान के ऊपर कमरे में सोते रहे सिपाही
आक्रोशित व्यापारियों ने थाने का घेराव किया
थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार की रात को दो अलग-अलग स्थानों पर तीन चोरी की घटनाएं हुईं, जिसमें दो दुकानों और एक घर से लाखों का सामान चोरों ने पार कर दिया। खास यह है कि जिन दो दुकानों में रात को चोरी हुई है, उन्हीं दुकानों के ऊपर बने कमरे में थाने के दो सिपाही सो रहे थे। सिपाहियों की बाइक नीचे खड़ी थीं, जिनका पेट्रोल भी चोरी कर लिया गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर सिपाही बाइक से कुछ ही दूर जा सके। नाराज व्यापारियों ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
थाना फरधान क्षेत्र के देवकली चौराहे पर गनेशपुर निवासी राममूर्ति की कपड़े की दुकान है। इसके पास में ही बबलू की मोबाइल की दुकान है। शनिवार की रात को दोनों दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों कीमत के मोबाइल, लाखों कीमत के कपड़े का सामान और करीब 10 हजार की नकदी चोरी पार कर दी। इसी रात सकतापुर गांव निवासी रामप्रकाश मिश्रा के घर घुसकर चोरों ने 15 हजार की नकदी और करीब 40 हजार का जेवर पर हाथ साफ कर दिया। तीनों पीड़ितों ने चोरी की घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि घटना की जानकारी होने पर 100 नंबर डायल किया, तो करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष बृजराज यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
गुस्साए दुकानदारों ने किया थाने का घेराव
फरधान। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज व्यापारियों ने रविवार की सुबह ही थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। दुकानदारों का आरोप है कि अभी हाल ही में दो दुकानों से चोरी हुई थी, उसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। फिर दो दुकानों में चोरी हो गई है। पुलिस ने व्यापारियों को आश्वासन देकर शांत कराया।