सदर कोतवाली और गोला क्षेत्र में हुईं दुर्घटनाएं
शारदानगर में बस की टक्कर से घायल हुए सदर कोतवाली के मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी मोहम्मद नाज की लखनऊ के एक अस्पताल में मौत हो गई। उधर रविवार की सुबह पंजाबी कॉलोनी जा रहे कोतवाली गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी 55 वर्षीय कैलाशनाथ को कंटेनर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला हाथीपुर निवासी मोहम्मद अनस ने बताया कि शनिवार को उनका अविवाहित छोटा भाई 30 वर्षीय मोहम्मद नाज बाइक से शारदानगर गया था। शारदानगर के पास बस ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी, जिससे मोहम्मद नाज घायल हो गया। पुलिस ने हादसे की सूचना देते हुए घायल भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने भाई को लखनऊ रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे लखनऊ ले गए, जहां मोहम्मद नाज ने दम तोड़ दिया।
गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी कैलाशनाथ रविवार की सुबह साइकिल से मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी जा रहे थे। साढ़े आठ बजे नगर पालिका परिषद के गेट के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गए और कंटेनर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। मौके पर ही कैलाश की मौत हो गई। घटनास्थल से चालक मय वाहन लखीमपुर की ओर फरार हो गया। मृतक के बड़े भाई सुबेदार ने बताया कि कैलाश के तीन पुत्र और एक पुत्री है, जिनका विवाह हो चुका है। मृतक की पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। कैलाश फेरी लगाकर रेडीमेड कपड़े बेचने का काम करता था। सुबह वह तगादा करने पंजाबी कॉलोनी जा रहा था। मृतक के पुत्र राकेश कुमार ने अज्ञात चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।