युवती समेत कार सवार तीन बदमाश पकड़े, चार हुए फरार, खुद को सीबीआई का बताकर धन उगाही में लगे थे
लग्जरी कार और बाइक से आए सात बदमाशों ने अपने को सीबीआई अफसर बताकर फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के फरधान क्षेत्र के ग्रांव अग्गरबुजुर्ग के मौजूदा ग्राम प्रधान दिनेश गिरी और अग्गरखुर्द गांव के पूर्व प्रधान रामजीवन और मायाराम का असलहों के बल पर अपहरण कर लिया। अपहरण के दौरान बदमाशों ने दो पूर्व प्रधानों के घरों में जमकर लूटपाट की। बदमाश चौथे पूर्व प्रधान से मिलने पहुंचे तो ग्रामीणों ने घेर लिया, जिससे युवती समेत तीन बदमाश पकड़े गए, जबकि बाइक सवार चार बदमाश भाग निकले। शनिवार की सुबह सिलसिलेवार हुई इस बड़ी घटना से इलाके में दहशत है। धौरहरा सीओ और फरधान पुलिस बदमाशों से पूछताछ में जुटी है। अगवा कर ले जाए जा रहे तीनों लोग सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार एक लग्जरी सफेद रंग की कार और अपाचे बाइक से 30 वर्षीय युवती समेत सात सशस्त्र बदमाश फरधान थाना क्षेत्र के गांव अग्गर बुजुर्ग निवासी पूर्व प्रधान मायाराम के घर पहुंचे और कहा, वे सीबीआई से हैं। इसके बाद घर की तलाशी लेने लगे और इस दौरान लूटपाट भी की। बदमाश तलाशी और लूट कर ही रहे थे, तभी ग्राम प्रधान दिनेश गिरी आ गए। प्रधान को देखते ही युवती ने उनसे कहा, तुमने बहुत घोटाले किए हैं, 50 हजार रुपये की व्यवस्था कर लो। इसी के साथ युवती ने मायाराम और दिनेेश गिरी को अन्य बदमाशों की मदद से असलहों के बल पर जबरन गाड़ी में बिठा लिया। यहां से बदमाश करीब ढाई किलोमीटर दूर थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव अग्गरखुर्द निवासी पूर्व प्रधान रामजीवन भार्गव के घर पहुंचे और यहां भी कहा कि तुमने बहुत घोटाले किए हैं, फिर घर की तलाशी लेते हुए 50 हजार रुपये मांगे। मांग पूरी न होने पर रामजीवन को भी गाड़ी में बिठा लिया। यहां से बदमाश दो किलोमीटर दूर कोरारा गांव में पूर्व प्रधान बदलूराम के घर पहुंचे। बदमाशों ने यहां भी अपने को सीबीआई अफसर बताकर तलाशी शुरू कर दी और संदूक से 18 हजार रुपये और अलमारी से सोने के दो तोला जेवर उठा लिए। पूर्व प्रधान बदलूराम के मौजूद न होने के कारण बदमाशों ने यहां से उनका सेलफोन नंबर भी ले लिया। प्रधान दिनेश गिरी बताते हैं कि इस दौरान तीनों लोग कार में ही रहे, जिन्हें दो बदमाश कब्जे में किए थे। बदलूराम के घर सबसे पहले बाइक से चारों बदमाश पहुंचे, जबकि पीछे से कार से उतरकर युवती भी गई। यहीं से लौटते वक्त अग्गर बुजुर्ग के मुनीर ने कार को रोकने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने असलहा तानते हुए कार भगा दी। प्रधान दिनेश गिरि बताते हैं कि रास्ते में एक बदमाश ने बदलूराम से सेलफोन पर बात की। बदलूराम ने बम्हनपुर चौराहे पर मिलने का कहा। जहां कार रुकते ही गांव वालों ने उन लोगों को घेर लिया। उधर भीड़ देख अपाचे बाइक सवार चारों बदमाश भाग निकले, जबकि युवती समेत तीन बदमाश और कार लोगों ने पकड़ ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करते हुए कार कब्जे में ले ली। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम दीपक रस्तोगी निवासी पूर्वी दीक्षितान थाना गोला, हरीश कुमार निवासी गांव खरगापुर थाना हैदराबाद और युवती ने अपना नाम निशाद नियामत उर्फ पिंकी निवासी मिल रोड थाना गोला बताया। एसओ फरधान तपेश्वर सागर ने बताया कि मौके से रजनीश मिश्रा निवासी मिल रोड, गोला समेत चार लोग मौके से सफेद अपाचे बाइक से भाग निकले।
फिल्मी अंदाज में हुई घटना की रेकी तो नहीं की गई
लखीमपुर खीरी। बदमाशों ने जिस तरह से प्रधान समेत तीन लोगों को सीबीआई अधिकारी बनकर अगवा किया। उससे यह लगता है कि बदमाशों को पहले से सारी जानकारी थी, क्योंकि मायाराम के घर लूट और छानबीन करने के दौरान पहुंचे प्रधान को देखते ही बदमाशों ने पहचान लिया था। इतना ही नहीं युवती ने उन्हें प्रधानजी कहते हुए, घोटाला करने और 50 हजार रुपये देने तक की बात कही थी। वहीं बदमाशों की कार सीधे पूर्व प्रधान मायाराम, रामजीवन और बदलूराम के घर पर ही रुकी, जिससे भी साफ है कि उन्हें कहां जाना है, उसकी पहले से पूर्ण तैयारी की गई थी। कुल मिलाकर घटना की रेकी हुई या नहीं, इस पर पुलिस अभी कुछ नहीं कह रही है। इस बाबत एसओ तपेश्वर सागर का कहना है कि अभी पूछतांछ चल रही है। पूछताछ के बाद ही सभी तथ्य सामने आ पाएंगे।
युवक से न भिड़ते तो शायद न पकड़े जाते बदमाश
महेवागंज। बदमाश जब अग्गरबुजुर्ग के पूर्व प्रधान रामजीवन को ले जा रहे थे। उस बीच शोर शराबा सुनकर गांव का मुनीर आ गया। उसने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने असलहा तान भाग जाने को कहा। इससे सीबीआई बताने वाले बदमाशों की पुष्टि हो गई। मुनीर ने एक युवक को साथ लेकर बाइक से बदमाशों का पीछा किया। साथ ही सुंदरवल और फरधान पुलिस को भी सूचना दे दी। इस तरह बदमाश अगर युवक से न भिड़ते तो शायद न पकड़े जाते।
हाल ही में पड़ी डकैतियों के क्लू की तलाश
करीब हफ्ते पहले फूलबेहड़ क्षेत्र में बदमाश लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। पूजागांव निवासी रामविलास, दाउदपुर के दुकानदार हरिशचंद्र, मुडिय़ाखुर्द गांव निवासी रामचंदर और छोटे लाल के यहां पकड़ी डकैती को अभी भूले भी नहीं थे। शनिवार को प्रधानों के अपहरण और लूटपाट की घटनाओं से इलाके में दहशत है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस पूर्व में पड़ी डकैतियों के भी क्लू तलाश रही है।
पकड़े गए आरोपियों का है आपराधिक रिकार्ड
पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान मास्टर माइंड गोला के मिल रोड निवासी निशाद नियामत उर्फ पिंकी, पूर्वी दीक्षिताना निवासी दीपक रस्तोगी, हैदराबाद के गांव खरगापुर निवासी हरीश कुमार के तौर पर हुई है। जबकि बाइक सवार रजनीश मिश्रा निवासी मिल रोड अन्य बदमाशों के साथ फरार हो गए हैं। एसओ फरधान तपेश्वर सागर ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों का कई थानों में आपराधिक रिकार्ड मौजूद है, जिसे तलाश किया जा रहा है। फिलहाल सभी पर लूट, धोखाधड़ी समेत संगीन धाराओं को आपराधिक रिकार्ड है।
गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ लूट, मारपीट और अपहरण का प्रयास करने सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक विवेचना के बाद अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अभी पूछताछ की जा रही है।
-तपेश्वर सागर, एसओ, फरधान।