मोहल्ला राजगढ़ में सोमवार की रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया। सूचना पर संकटा देवी चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया, जिसके कुछ देर बाद रेलवे पटरियों के किनारे सेे चोरी हुआ लैपटॉप मिल गया।
राजगढ़ निवासी कैलाश नाथ सिंह और उनके किरायेदार मोहम्मद शाहिद सोमवार की रात अपने-अपने घरों को बंद कर कहीं गए हुए थे। बंद मकान के चोरों ने ताले तोड़कर सामान साफ कर दिया। कैलाश नाथ के मुताबिक उनके कमरे से चोरों ने 50 हजार नकद, जेवर समेत करीब सवा लाख का सामान पार किया है। इसी मकान में किरायेदार शाहिद के कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने 16 हजार की नकदी, लैपटॉप, एलईडी, पार्लर का सामान समेत करीब डेढ़ लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों गृहस्वामियों ने चोरी की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद संकटा देवी चौकी पुलिस ने मौके का जायजा लिया। कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि लैपटॉप समेत कुछ सामान रेलवे पटरी किनारे से बरामद हुआ है। चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।