फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत

Thu, 30 Apr 2015 12:11 AM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। मितौली क्षेत्र के मैनहन गांव में हाईटेंशन लाइन में आई खराबी दूर करने के दौरान तार टूटकर गिरने से एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धौरहरा क्षेत्र में सरसवा गांव निवासी चाय विक्रेता के खोखे में हाईटेंशन लाइन से करंट उतरने के कारण मौत हो गई। बिजली विभाग का कोई अधिकारी जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है। पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन


मितौली। थाना क्षेत्र के गांव मैनहन निवासी सुधीर पांडेय का पुत्र मोहित (15) गांव की बिजली सही कराने के लिए बुधवार को मितौली स्थित विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन को बुलाने गया था। दिहाड़ी मजदूर मोनू के साथ मोहित बिजली लाइन की पेट्रोलिंग कर रहा था। मैनहन गांव के पास रामदयाल के खेत में बिजली के खंभे पर गड़बड़ी मिली, जिस पर मोनू खंभे का क्रासआर्न ठीक कर रहा था। जबकि मोहित भी खंभे के नीचे खड़ा था।

लकड़ी का क्रासआर्न अचानक टूट गया और मोहित के कंधे पर जा गिरा, जिससे मोहित करंट की चपेट में आकर गिर पड़ा। मोहित को तड़पता देखकर मोनू मौके से भाग गया। वहीं उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी किशोर की मौत की सूचना पाकर ताला डालकर भाग गए। मोहित की मौत की सूचना पाकर गांव वाले मौके पर आ गए। सारा माजरा सुनने के बाद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर उपकेंद्र का घेराव कर लिया और तोड़ फोड़ शुरू कर दी।
विज्ञापन


सूचना पर एसडीएम शादाब असलम और एसओ जावेद अख्तर उपकेंद्र पहुंचे। एसडीएम के समझाने पर ग्रामीण किसी तरह शांत हुए। इसके बाद विधायक सुनील कुमार भी उपकेंद्र पहुंच गए। मोहित के परिवार वालों ने थाने में अज्ञात लाइनमैन के खिलाफ  लापरवाही की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

धौरहरा। क्षेत्र के गांव सरसवां निवासी इंद्रेश कुमार निगम (30) चौराहे पर खोखे में चाय की दुकान चलाता था। खोखे के पास में सेमल के पेड़ को छूती हुई हाईटेंशन लाइन निकली है। बताते हैं कि मंगलवार की सुबह बारिश के  चलते खोखे की लकड़ी भीगी थी। शाम को बिजली करंट खोखे में दौड़ने लगा, जिसकी चपेट में आकर इंद्रेश झुलस गया। परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल गए जहां उपचार के दौरान इंद्रेश ने दम तोड़ दिया। वहीं बिजली विभाग का कोई अधिकारी यह जानने नहीं पहुंचा कि सेमल के पेड़ और खोखे में करंट कैसे उतरा, जिससे हादसा हुआ।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें